‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में रणनीतिक बैठक, उमंग सिंघार बोले—युवाओं की आवाज मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता

Sep 2, 2026 - 21:44
 0  19
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में रणनीतिक बैठक, उमंग सिंघार बोले—युवाओं की आवाज मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में रणनीतिक बैठक, उमंग सिंघार बोले—युवाओं की आवाज मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता

इंदौर। छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंदौर में कांग्रेस की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल हुए।

बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

Gen-Z और Gen-Alpha देश का भविष्य : सिंघार

मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूरी तरह सफल होगा, क्योंकि Gen-Z और Gen-Alpha देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि देश और मध्यप्रदेश के युवाओं की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं।

सिंघार ने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक रणनीति और तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

RGPV का नाम बदलने को लेकर सरकार पर निशाना

RGPV विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन और पुनर्गठन के मुद्दे पर उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के लिए विकास का मतलब केवल नाम बदलना और संस्थानों का पुनर्गठन करना रह गया है?

उन्होंने कहा कि RGPV को तीन हिस्सों में बांटकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का नाम हटाना निंदनीय है। सरकार को शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए। इसके बजाय संस्थानों की पहचान बदलने की राजनीति की जा रही है।

OBC आरक्षण को लेकर भी सरकार से सवाल

OBC आरक्षण के मुद्दे पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार OBC वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने से पीछे हट रही है।

सिंघार ने कहा कि जब प्रदेश में OBC वर्ग की आबादी 52 प्रतिशत है, तो सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण देने से क्यों पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और OBC वर्ग के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा कार्यक्रम

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की आवाज, युवाओं के अधिकार, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक मजबूत संदेश देगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow