रतलाम में यातायात पुलिस की अनूठी पहल: 100 दोपहिया वाहन चालकों को बांटे निशुल्क हेलमेट
दो बत्ती चौपाटी पर आयोजित कार्यक्रम में वाहन चालकों को दिलाई सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ
रतलाम। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रतलाम यातायात पुलिस द्वारा दो बत्ती चौपाटी पर विशेष हेलमेट अवेयरनेस एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित हुआ।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 100 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई।
हेलमेट जीवन की सुरक्षा का कवच
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया और डीएसपी ट्रैफिक आनंद सोनी विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सुरक्षा कवच का काम करता है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोट कई बार जानलेवा साबित होती है। ऐसे में हेलमेट पहनकर गंभीर चोट और जान के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस रतलाम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से ISI मानक का हेलमेट पहनें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
What's Your Reaction?