रायसेन में 8 माह पुरानी चोरी का खुलासा, देवरी पुलिस ने आरोपी को कटनी से दबोचा
सूने मकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर, करीब 2 लाख रुपये का माल बरामद
रायसेन/देवरी।
रायसेन जिले के देवरी थाना पुलिस ने करीब आठ माह पुरानी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
दिनदहाड़े सूने मकान को बनाया था निशाना
पुलिस के मुताबिक, 27 दिसंबर 2025 को फरियादी ने थाना देवरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने दिन के समय उसके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान में सोने की लोंग, लॉकेट, मंगलसूत्र, सीप सेट, बाली, झुमकी, लटकन सेट, अंगूठी, कान के टॉप्स, पंचाली के साथ ही चांदी की पायल और चूड़ा शामिल थे।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3), 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर तंत्र से मिली अहम जानकारी
चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद 1 अगस्त 2026 को ग्राम बड़गांव, थाना रीठी, जिला कटनी में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से 2 लाख के जेवर बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द मरावी उर्फ सन्ना पिता बहोरी मरावी, उम्र 38 वर्ष के रूप में की है। आरोपी ग्राम घुनघुटी का रहने वाला है और वर्तमान में बड़गांव, थाना रीठी, जिला कटनी में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद मशरूके की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
इनकी रही अहम भूमिका
चोरी की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह तोमर, सउनि राम आशीष शर्मा, प्रधान आरक्षक 404 राजेश पठारिया, आरक्षक 193 सोनू ठाकुर और महिला आरक्षक 717 मनीषा बट्टी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को सराहनीय बताया है।
What's Your Reaction?