राजस्थान के तीन युवक ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

Oct 11, 2026 - 22:56
 0  9
राजस्थान के तीन युवक ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 30 ग्राम ब्राउन शुगर, बाइक और मोबाइल सहित 4.10 लाख का मशरूका जब्त

स्टेडियम के पीछे रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर पकड़ा, अब सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

विदिशा। युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई के बीच अब चुनौती नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचने की है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कोतवाली पुलिस ने राजस्थान के तीन युवकों को 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से मादक पदार्थ के अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और दो एंड्राइड मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 4.10 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस को देखकर भागने लगे, घेराबंदी में आए

पुलिस के अनुसार, कोतवाली की टीम कस्बा भ्रमण पर थी। इसी दौरान स्टेडियम के पीछे रेलवे लाइन के पास पल्सर पर सवार तीन युवक पुलिस वाहन को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके कब्जे से 30 ग्राम ब्राउन शुगर मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए बताई गई है।

झालावाड़ जिले के रहने वाले हैं तीनों

गिरफ्तार आरोपियों में लाल सिंह तंवर (23), करण सिंह तंवर (25) और सुनील तंवर (20) शामिल हैं। तीनों राजस्थान के झालावाड़ जिले के भालता क्षेत्र के मोईकला गांव के निवासी हैं। पुलिस ने एक लाख रुपए कीमत की बजाज पल्सर और करीब 10 हजार रुपए के दो मोबाइल भी जब्त किए हैं।

अब नेटवर्क के दूसरे चेहरों की तलाश

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस अब ब्राउन शुगर कहां से लाई गई, इसकी आपूर्ति में कौन-कौन शामिल है और इसका नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला है, इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, सप्लाई नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 683/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस रिमांड लेकर उनसे खरीद-फरोख्त और आपूर्ति के स्रोतों के बारे में पूछताछ करेगी।

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई

  कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज, निरीक्षक मोहर सिंह, सहायक उप निरीक्षक राम मनोहर इवने, सहायक उप निरीक्षक सिद्धांत भदौरिया सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

अब निगरानी और नेटवर्क पर कार्रवाई अहम: नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और खरीदारों तक पुलिस कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच पाती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow