लालघाटी के रेस्टोरेंट्स में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
नई दिल्ली रेस्टोरेंट, चाय सुट्टा बार और सुरवाना में मिलीं भारी कमियां
ड्रैगन हाउस का बार लाइसेंस रद्द
भोपाल।
राजधानी में मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले रेस्टोरेंट संचालकों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लालघाटी और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान शहर के कई नामी फूड आउटलेट्स में गंदगी, बिना मेडिकल चेकअप काम करते कर्मचारी और लाइसेंस डिस्प्ले न करने जैसी गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
दिल्ली रेस्टोरेंट में मूंगदाल-आटे के सैंपल सील
लालघाटी स्थित 'दिल्ली रेस्टोरेंट' के निरीक्षण के दौरान किचन में भारी गंदगी पाई गई। मौके पर न तो खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित था और न ही पेस्ट कंट्रोल या फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड। टीम ने संदेह के आधार पर मूंगदाल, मूंगफली और आटे के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। प्रतिष्ठान को सख्त सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
चाय सुट्टा बार में न वॉटर टेस्ट रिपोर्ट, न वेज-नॉनवेज का अलग फ्रीजर
लालघाटी-ब्यावरा रोड स्थित 'Food and Flavours Chai Sutta Bar' में हालात और भी खराब मिले। बेहद तंग जगह में चल रहे किचन में काम कर रहे कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट गायब था। पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिला। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि वेज और नॉनवेज खाने को एक साथ रखा जा रहा था, इनके लिए अलग फ्रीजर तक नहीं थे। विभाग अब इसे सुधार नोटिस जारी कर रहा है।
सुरवाना रेस्टोरेंट में खुले मिले डस्टबिन
वीआईपी रोड स्थित 'सुरवाना रेस्टोरेंट' के किचन में खुले पड़े डस्टबिन बीमारियों को न्योता देते नजर आए। यहां भी कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं बने थे। हालांकि, यहां पेस्ट कंट्रोल और नॉनवेज के लिए अलग फ्रीजर की व्यवस्था पाई गई। टीम ने पाई गई कमियों पर सुधार नोटिस थमाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हॉटेल इम्पीरियल सांवरे को मिली क्लीन चिट
इसी क्षेत्र के 'होटल इम्पीरियल सांवरे' की जांच में कोई रेस्टोरेंट संचालित होता नहीं मिला। बैंक्वेट हॉल व रूम बुकिंग से जुड़े इस होटल के पास सभी आवश्यक लाइसेंस वैध पाए गए। निरीक्षण में कोई अनियमितता नहीं मिलने पर टीम संतुष्ट नजर आई।
ड्रैगन हाउस पर दोहरा चाबुक: खाद्य लाइसेंस के बाद आबकारी लाइसेंस भी निरस्त
एम.पी. नगर स्थित चर्चित 'ड्रैगन हाउस होटल एवं रेस्टोरेंट' पर गाज गिरी है। दो दिन पहले खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इसका लाइसेंस निलंबित किए जाने के बाद अब आबकारी विभाग ने भी बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी ने ड्रैगन हाउस में संचालित बीयर बार और बार का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
कड़ा संदेश: नियमों से खिलवाड़ पड़ा भारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि लाइसेंस को काउंटर पर प्रमुखता से लगाना, स्टाफ का मेडिकल टेस्ट कराना और पेस्ट कंट्रोल अद्यतन रखना अनिवार्य है। मानकों से समझौता करने वाले कारोबारियों पर अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?