349 रुपए के रिचार्ज का दबाव हटाने की मांग, मोबाइल रिटेलरों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन*
शमशाबाद |
शमशाबाद के मोबाइल रिटेलरों ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर रिलायंस Jio कंपनी एवं स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर पर रिटेलरों पर एक विशेष रिचार्ज प्लान कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। रिटेलरों ने मांग की कि ग्राहकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार किसी भी वैध प्लान का रिचार्ज कराने की स्वतंत्रता दी जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो-तीन महीनों से कंपनी के अधिकारी, फील्ड स्टाफ और स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा 349 रुपए का रिचार्ज कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि 199, 239 और 299 रुपए जैसे अन्य वैध प्लान करने पर रिटेलरों की आईडी बंद करने की चेतावनी दी जाती है और कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई है।
रिटेलरों का कहना है कि इससे गरीब, छात्र, मजदूर और बुजुर्ग ग्राहकों को परेशानी हो रही है, क्योंकि वे महंगा रिचार्ज कराने में सक्षम नहीं हैं। कई ग्राहक दूसरे नेटवर्क का रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय मोबाइल दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।
मोबाइल रिटेलर संघ ने ज्ञापन में प्रशासन से मांग की है कि किसी विशेष रिचार्ज प्लान के लिए रिटेलरों पर दबाव बनाने पर रोक लगाई जाए, ग्राहकों को उनकी पसंद के अनुसार वैध रिचार्ज कराने की अनुमति मिले तथा कम राशि के रिचार्ज करने पर रिटेलर आईडी बंद नहीं की जाए।
रिटेलरों ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के साथ रिटेलरों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र भी प्रशासन को सौंपे गए।
इस अवसर पर मोबाइल संघ के अनेक पदाधिकारी ,संभव जैन, प्रवीण जाट, पंकज साहू ,भगवानदास नामदेव, मोनू नामदेव, हरिओम साहू ,विष्णु साहू, ऋषि विश्वकर्मा, पंकज जैन, प्रदीप जैन आदि उपस्थित रहे
What's Your Reaction?