उमरिया में रेत को लेकर बवाल, ट्रैक्टर रोककर मारपीट का वीडियो वायरल!
रिपोर्ट-- आकाश नामदेव
बाबा महाकाल मिनरल्स के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल - क्या भिंड-मुरैना बनने की राह पर उमरिया?
उमरिया।
जिले में रेत का काला कारोबार अब सड़कों पर मारपीट तक पहुंच गया है। एनएच-43 पर विनायक टाउन के पास एक ट्रैक्टर को रोककर मारपीट करने का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर बाबा महाकाल मिनरल्स के कर्मचारी एक ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत परिवहन को लेकर गुंडागर्दी चरम पर है। आरोप है कि बाबा महाकाल मिलर्स के कर्मचारी खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि आखिर रेत के नाम पर कब तक इस तरह की दबंगई चलती रहेगी?
उमरिया में भिंड-मुरैना जैसे हालात बनने का खतरा
लोगों का कहना है कि जिस तरह से रेत को लेकर विवाद बढ़ रहे हैं, उससे उमरिया में भी भिंड और मुरैना जैसी स्थिति बनने की आशंका गहरा गई है, जहां रेत माफिया के आतंक से कई बार बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
कर्मचारियों का नहीं है पुलिस वेरिफिकेशन
इस पूरे मामले में एक और गंभीर सवाल उठ रहा है। आरोप लग रहा है कि बाबा महाकाल मिनरल्स के अधिकांश कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन तक नहीं कराया गया है। बिना वेरिफिकेशन के बाहरी लोगों को रेत के कारोबार में लगाना सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
*वायरल वीडियो के बाद भी पुलिस खामोश, कार्रवाई पर सवाल*
सबसे बड़ा सवाल पुलिस की भूमिका पर उठ रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। न तो आरोपियों की पहचान हुई है और न ही कोई गिरफ्तारी। इससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पुलिस किसके दबाव में है?
स्थानीयों की मांग है कि वायरल वीडियो की तत्काल जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और रेत विवाद किसी बड़ी घटना का कारण न बने।
What's Your Reaction?