श्रावण माह में सुंदरकांड पाठ से राममय रहा नजीराबाद, मानस मंडल के आयोजन का समापन
बैरसिया। नजीराबाद कस्बे में श्री मानस मंडल समिति द्वारा पूरे श्रावण माह आयोजित किए गए सुंदरकांड पाठ एवं भजन कार्यक्रमों का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। समिति द्वारा विगत 61 वर्षों से चली आ रही सेवा और संस्कार की परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्रावण माह में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के निवास पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
पूरे माह सुंदरकांड पाठ और भजनों से नजीराबाद का वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजनों में सहभागिता कर रामभक्ति का आनंद लिया। समिति की सेवा, सादगी और संस्कार की परंपरा के चलते श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समिति के अनुसार सुंदरकांड पाठ के लिए श्रद्धालुओं की सूची करीब एक माह पहले ही बुक हो जाती है। श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रावण माह समाप्त होने के बाद भादों माह में भी भक्तों के निवास पर सुंदरकांड पाठ का सिलसिला जारी है।
श्रावण माह के अंतिम दिन सुंदरकांड पाठ का आयोजन मुकेश सक्सेना के निवास पर किया गया। इस दौरान मानस मंडल समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश विश्वकर्मा सहित समिति सदस्यों एवं अतिथियों का आयोजक परिवार ने तिलक लगाकर और जय श्रीराम की पट्टिका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ किया और भजनों का आनंद लिया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर हनुमान भक्ति और जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।
What's Your Reaction?