अमरपाटन में नशीली कफ सिरप के साथ महिला गिरफ्तार, 30 शीशी ऑनरेक्स और मोबाइल जब्त
अमरपाटन।
मैहर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अमरपाटन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 30 शीशी नशीली ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक विवो मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि साहू मोहल्ला, रामनगर रोड स्थित एक घर में अवैध रूप से नशीली कफ सिरप रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना अमरपाटन पुलिस ने दबिश दी। तलाशी के दौरान घर की छत पर रखी एक बोरी से 30 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6,045 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 20 हजार रुपये कीमत का एक विवो मोबाइल भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान 34 वर्षीय रोजी सिद्दीकी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी कोरेक्स कफ सिरप और गांजा की अवैध बिक्री से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नशीली कफ सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी विजय परस्ते के निर्देशन में उप निरीक्षक मोहनी शर्मा एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?