पंडित प्रताप भानु शर्मा के नेतृत्व में गुरु पूर्णिमा पर संकीर्तन, खीर प्रसादी वितरण एवं महाआरती आयोजित, बालिस्ता रावत हुए शामिल
भोपाल।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वार्ड-73, शिवनगर कॉलोनी स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में मुख्य पुजारी एवं भारतीय जनता पार्टी भानपुर मंडल के सह कार्यालय मंत्री पंडित प्रताप भानु शर्मा के नेतृत्व में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला भजन मंडलियों द्वारा अखंड संकीर्तन, श्रद्धालुओं के लिए खीर प्रसादी वितरण तथा महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी भोपाल के सह मीडिया प्रभारी एवं श्री हिन्दू उत्सव समिति (रजि. 63) भोपाल के महामंत्री बालिस्ता रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पंडित प्रताप भानु शर्मा ने बताया कि प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक महिला भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन किया गया तथा श्रद्धालुओं को खीर प्रसादी वितरित की गई। रात्रि 8:00 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। दिनभर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर पंडित प्रताप भानु शर्मा एवं पंडित शंकर दयाल शर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर बालिस्ता रावत ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, संस्कार एवं धर्म के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने सभी से गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज, संस्कृति एवं राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा। संकीर्तन, महाआरती एवं प्रसादी वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु पूर्णिमा पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया।
What's Your Reaction?