आसाराम चौराहे पर वाहन चेकिंग में 108 लीटर देसी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Aug 14, 2026 - 15:21
 0  21
आसाराम चौराहे पर वाहन चेकिंग में 108 लीटर देसी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

भोपाल।

15 अगस्त के मद्देनजर भोपाल पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान गांधीनगर थाना पुलिस ने आसाराम चौराहे पर एक सेंट्रो कार से करीब 108 लीटर देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम आसाराम चौराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सेंट्रो कार को रोककर पुलिस ने तलाशी ली। पुलिस को देखकर कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कार में मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार से करीब 108 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त करते हुए पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

फरार चालक की तलाश जारी

पुलिस आरोपी से शराब के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

वहीं, पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब तस्करी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow