भोपाल की उत्तर विधानसभा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, सांसद आलोक शर्मा बोले- तिरंगा देश की आन, बान और शान

Aug 14, 2026 - 21:53
 0  11
भोपाल की उत्तर विधानसभा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, सांसद आलोक शर्मा बोले- तिरंगा देश की आन, बान और शान
भोपाल की उत्तर विधानसभा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, सांसद आलोक शर्मा बोले- तिरंगा देश की आन, बान और शान

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भोपाल की उत्तर विधानसभा में सांसद आलोक शर्मा के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और आम नागरिक यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

इमामी गेट से नादरा बस स्टैंड तक निकली यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत भाजपा जिला कार्यालय, इमामी गेट से हुई। इसके बाद यात्रा सोमवारा, लखेरापुरा, सुभाष चौक, चिंतामन चौक, इतवारा मार्केट, मंगलवार मार्केट और घोड़ा निक्कास होते हुए नादरा बस स्टैंड पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।

यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, महापौर मालती राय, पूर्व महापौर सुनील सूद, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित, जिला महामंत्री चेतन भार्गव, गुंजन चौकसे और जिला मंत्री राकेश कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

‘हर घर तिरंगा’ बना जन-जन का अभियान: आलोक शर्मा

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक भारतवासी के मन में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान है। यह देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। तिरंगे का केसरिया रंग त्याग और साहस, सफेद रंग शांति और सत्य तथा हरा रंग समृद्धि और विकास का संदेश देता है। वहीं अशोक चक्र निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

शहीद जवानों के बलिदान को किया याद

आलोक शर्मा ने कहा कि तिरंगा हाथ में लेकर चलने के साथ हमें उन वीर जवानों को भी याद करना चाहिए, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि देश के वीरों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से तिरंगे का सम्मान और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की है।

उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत एक था, एक है और एक रहेगा। जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर देश को बांटने की कोशिशों को सफल नहीं होने देना है।

‘देश पहले, राष्ट्रहित सर्वोपरि’ का लिया संकल्प

सांसद शर्मा ने नागरिकों से आह्वान किया कि तिरंगा यात्रा से सभी ‘देश पहले और राष्ट्रहित सर्वोपरि’ का संकल्प लेकर जाएं। यात्रा के दौरान लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगे के सम्मान में जमकर नारे लगाए। राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ यात्रा का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow