सेन महाराज चौक पर 150वां साप्ताहिक श्रृंगार दर्शन कार्यक्रम संपन्न

Sep 2, 2026 - 12:26
 0  21
सेन महाराज चौक पर 150वां साप्ताहिक श्रृंगार दर्शन कार्यक्रम संपन्न

सेन समाज ने मुख्यमंत्री से की गुजरात की तर्ज पर व्यापारी हितैषी मॉडल बनाने की मांग

भोपाल। राजधानी भोपाल के सेन महाराज चौक पर सेन समाज द्वारा आयोजित साप्ताहिक श्रृंगार दर्शन कार्यक्रम का 150वां आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष हीरालाल श्रीवास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। आयोजन के मुख्य यजमान संगठन के जिला प्रचार सचिव संतोष सेन रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत आरती एवं हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेन समाज के बंधु उपस्थित रहे।

सीलिंग कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री से अपील

कार्यक्रम के दौरान सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष हीरालाल श्रीवास के नेतृत्व में समाजजनों ने राजधानी के व्यापारियों के हित में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विशेष पहल करने की मांग की।

जिला अध्यक्ष शैलेष सेन ने बताया कि राजधानी के रिहायशी इलाकों में संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों को लेकर नगर निगम द्वारा सीलिंग कार्रवाई के नोटिस दिए जा रहे हैं। समाज ने इस विषय पर मानवीय एवं व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार से समाधान निकालने की अपील की है।

सेन समाज ने मांग की कि गुजरात मॉडल की तर्ज पर मध्यप्रदेश और भोपाल में भी ऐसा समझौतावादी एवं व्यापारी हितैषी मॉडल तैयार किया जाए, जिससे व्यापारियों को राहत मिल सके और न्यायालय के समक्ष भी उचित समाधान प्रस्तुत करने की दिशा में सरकार पहल करे।

समाजजनों का कहना है कि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसा रास्ता निकाला जाना चाहिए, जिससे नियमों का पालन भी हो और व्यापारियों की आजीविका भी प्रभावित न हो।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हीरालाल श्रीवास, जिला अध्यक्ष शैलेष सेन, जिला महामंत्री दीपक सराठे, युवा जिला अध्यक्ष कमलेश सेन, केश शिल्पी जिला अध्यक्ष शिवकुमार सेन, जिला महामंत्री ईश्वरदास सेन, जिला प्रचार सचिव संतोष सेन, भानपुर अध्यक्ष घनश्याम सेन, मदनलाल सराठे, रामेश्वरदयाल सेन, सीताराम सेन 'मामू', महेश सेन, देव सेन सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow