भोपाल में अवैध शराब पर आबकारी की 'सर्जिकल स्ट्राइक', हाथभट्टी, लहान और वाहन जब्त
भोपाल।
राजधानी भोपाल में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और खुलेआम शराब पिलाने वालों पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल के.सी. अग्निहोत्री एवं सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन तथा कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में आबकारी की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाइयां कीं।
गांधीनगर और परवलिया क्षेत्र में आबकारी की दबिश
अभियान के तहत आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने परवलिया थाना क्षेत्र के भगोनिया निवासी राहुल अहिरवार के पास से 600 मि.ली. अवैध हाथभट्टी मदिरा जब्त की। इसके साथ ही टीम ने गांधीनगर क्षेत्र के शांतिनगर में दबिश देकर करीब 1000 लीटर महुआ लहान बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट किया। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक्टिवा सवार 52 पाव देशी मदिरा संग गिरफ्तार
कार्रवाई की दूसरी कड़ी में आबकारी टीम ने शाहजहानाबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर संजय बाथम नामक व्यक्ति को धर दबोचा। आरोपी अपनी होंडा एक्टिवा (MP 04 SR 1496) पर अवैध रूप से 52 पाव देशी मदिरा का परिवहन कर रहा था। टीम ने मदिरा और वाहन दोनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दुकानों के बाहर अवैध मदिरापान कराने वालों पर शिकंजा
उधर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी की टीम ने बागमुगलिया क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास अभियान चलाया। खुलेआम और अवैध रूप से शराब पिलाने तथा पीने वालों पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण कायम किए गए। अधिकारियों ने दुकान संचालकों और आसपास के विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि दुकानों के आसपास किसी भी सूरत में अवैध मदिरापान न कराया जाए, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सतत जारी रहेगी निगरानी और दबिश: सहायक आबकारी आयुक्त
सहायक आयुक्त आबकारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि "जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और खुले में मदिरापान पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिले के तमाम संदिग्ध स्थलों पर सघन गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है।"
इस दौरान भोपाल जिले के समस्त सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक एवं कार्यपालिक बल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
What's Your Reaction?