गुफा मंदिर परिसर का बदलेगा स्वरूप: 20 करोड़ से मानस भवन और 2 करोड़ से बनेगी हाईटेक गौशाला
सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय ने किया भूमि पूजन, सर्वसुविधायुक्त परिसर में होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन, गोबर से बनेगी गोकाष्ठ
भोपाल।
राजधानी के ऐतिहासिक और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र गुफा मंदिर परिसर को अब एक नई और आधुनिक पहचान मिलने जा रही है। परिसर में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भव्य स्तर पर आयोजित करने के लिए रविवार को लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत वाली दो बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय और गुफा मंदिर के महंत रामप्रवेश दास महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ आधुनिक मानस भवन एवं अत्याधुनिक गौशाला का भूमि पूजन किया।
विवाह और बड़े आयोजनों के लिए बनेगा उत्कृष्ट केंद्र
भूमि पूजन के अवसर पर सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल में बड़े धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए लंबे समय से एक सर्वसुविधायुक्त और भव्य परिसर की कमी महसूस की जा रही थी। ₹20 करोड़ की लागत से आकार लेने वाला यह आधुनिक मानस भवन इसी कमी को पूरा करेगा। यहां विवाह समारोह, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक मंचन, सामाजिक बैठकें और जनकल्याणकारी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी। उन्होंने दोहराया कि गुफा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पर्यावरण को मिलेगा बढ़ावा, मशीन से बनेगी गोकाष्ठ
परियोजना की जानकारी देते हुए सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि ₹2 करोड़ की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक गौशाला में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के पुख्ता इंतजाम होंगे। इस गौशाला की खासियत यह होगी कि यहां गोकाष्ठ (गोबर की लकड़ी) निर्माण मशीन स्थापित की जाएगी। इससे गोबर का व्यावसायिक और उपयोगी इस्तेमाल हो सकेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी सीधे तौर पर बढ़ावा मिलेगा।
जल्द पूरे होंगे विकास कार्य: महापौर
महापौर मालती राय ने नगर निगम की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि गुफा मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में नाला निर्माण कार्य का टेंडर जारी हो चुका है और अन्य विकास कार्यों को भी तय समय सीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाएगा।
संस्कृति और गौसंरक्षण के प्रयासों की संतों ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद महंत रामप्रवेश दास महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे सांस्कृतिक पुनरुत्थान और गौसंरक्षण के प्रयासों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सांसद आलोक शर्मा के प्रयासों को भी सराहा।
ये रहे उपस्थित
इस भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान महंत रामदास जी महाराज, महंत अनिलानंद, महंत कन्हैयादास समेत बड़ी संख्या में संत समाज मौजूद रहा। वहीं जनप्रतिनिधियों में एमआईसी सदस्य मनोज राठौर, राजेश हिंगोरानी, पार्षद प्रियंका मिश्रा, पूजा शर्मा, विनीता सोनी, सरोज आसेरी, भाजपा जिला मंत्री चेतन भार्गव, राकेश कुकरेजा, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ नेता विकास वीरानी, अशोक सैनी, कैलाश मिश्रा, गिरीश शर्मा, पूर्व महापौर सुनील सूद, मनमोहन अग्रवाल, भरत पटेल और गोपाल गोदानी सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
What's Your Reaction?