कुएं के पास लावारिस मिला नवजात, रायपुरिया पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

Aug 19, 2026 - 20:05
 0  4
कुएं के पास लावारिस मिला नवजात, रायपुरिया पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

झाबुआ, 

 झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का मामला सामने आया है। ग्राम देवली में कुएं के पास लावारिस हालत में रोते हुए मिले नवजात शिशु को पुलिस टीम ने तत्काल अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को थाना रायपुरिया पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम देवली में कुएं के पास एक नवजात शिशु रोता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती गीता जाटव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने बिना देरी किए नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।

पुलिस की तत्परता के चलते नवजात को समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सका। रायपुरिया पुलिस ने नवजात की सुरक्षा एवं उपचार को प्राथमिकता देते हुए मामले में प्रकरण दर्ज किया है।

नवजात को लावारिस छोड़ने की जांच जारी

पुलिस द्वारा नवजात को लावारिस अवस्था में छोड़ने से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की संवेदनशीलता आई सामने

इस घटना में रायपुरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित की और उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। मध्यप्रदेश पुलिस की “देशभक्ति–जनसेवा” की भावना के अनुरूप की गई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow