घर से भागे प्रेमी युगल को स्टेशन पर परिजनों ने पकड़ा, युवती ने भाई को चप्पलों से पीटा; वीडियो वायरल
टीकमगढ़
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र के कनेरा गांव के एक प्रेमी युगल को उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर परिजनों ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई। विवाद के दौरान युवती ने अपने प्रेमी का बचाव करते हुए अपने ही भाई को चप्पलों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, प्रेमी युगल रविवार को घर से निकलकर कहीं दूर जाने की योजना के तहत मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी बीच युवती के परिजनों को इसकी सूचना मिल गई और वे स्टेशन पहुंच गए। परिजनों ने दोनों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया, जिससे विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती के भाई ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रेमी को पिटता देख युवती बीच-बचाव के लिए आगे आई और अपने भाई का विरोध करते हुए चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। युवती का कहना था कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से जीवन से जुड़े फैसले लेने का अधिकार रखती है।
रेलवे स्टेशन के बाहर हुए इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक और युवती को थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बालिग होने सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से दर्ज शिकायत और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
What's Your Reaction?