शिवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में डीजे मशीन चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

Aug 26, 2026 - 18:08
 0  20
शिवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में डीजे मशीन चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम, थाना शिवगढ़ पुलिस ने डीजे मशीन चोरी के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 8 डीजे मशीनें बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा XUV और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद एवं जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये बताई गई है।

बोलेरो डीजे वाहन से चोरी हुई थीं 8 मशीनें

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को फरियादी अभिजीत सिंह राठौर, निवासी शीतला माता गली, शिवगढ़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसके प्लाट में खड़ी बोलेरो डीजे गाड़ी से अज्ञात बदमाश तिरपाल हटाकर 8 डीजे मशीनें चोरी कर ले गए। मामले में थाना शिवगढ़ में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवगढ़ निवासी तरुण वाघेला और उसके साथी चोरी की घटना में शामिल हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने शिवगढ़, बाजना, रावटी और बग्गासेहलोत क्षेत्र में लगातार सर्चिंग कर संदिग्धों की तलाश की।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सभी 8 डीजे मशीनें बरामद कर ली गईं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा XUV क्रमांक MP09CM3002 और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP43ZG2247 भी जब्त की है।

ढाबे पर बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 20 अगस्त की रात शीतल ढाबे पर चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद साथी आरोपियों के साथ दो मोटरसाइकिलों से शीतला माता गली स्थित खाली प्लाट पर पहुंचे। यहां खड़ी बोलेरो डीजे गाड़ी से तिरपाल हटाकर उसमें रखी 8 डीजे मशीनें चोरी कर ली गईं।

पुलिस अब आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

ये आरोपी गिरफ्तार

तरुण पिता जगदिश वाघेला, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवगढ़।

महेश पिता कंवरलाल हाड़ा, उम्र 21 वर्ष, निवासी शिवगढ़।

सागर पिता कंवरलाल हाड़ा, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवगढ़।

आयुष पिता भुरालाल गेहलोत, उम्र 22 वर्ष, निवासी बग्गासेहलोत, थाना रावटी।

13 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 डीजे मशीनें, अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये, महिंद्रा XUV, अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये, और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये, जब्त की है। इस तरह कुल 13 लाख रुपये का मशरूका बरामद एवं जब्त किया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

चोरी की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीत सिंह मकवाना, उनि. प्रताप सिंह भदौरिया, उनि. ईशाक, आरक्षक मनीष खराड़ी, आरक्षक नरवरसिंह मैड़ा और आरक्षक तुषार सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अलावा प्रधान आरक्षक दिलीप शर्मा, जितेन्द्रपाल सिंह राठौर, हेमंत कुमार लिम्बोदिया, मेहताब सिंह यादव, अमित त्यागी, महिला प्रधान आरक्षक सरोज परिहार, रमेश सोलंकी, जितेन्द्र प्रसाद, घनश्याम दडिंग, कंवरलाल परमार और अनिल सूर्यवंशी का भी कार्रवाई में सराहनीय योगदान रहा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow