कोलार में 20 अक्टूबर को होगा भव्य दशहरा महोत्सव, 105 फीट के रावण का होगा दहन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कोलार हिंदू उत्सव समिति और दैनिक भास्कर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस वर्ष अपने 24वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन में मध्यप्रदेश के सबसे ऊंचे 105 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन होगा।
कोलार हिंदू उत्सव समिति के सचिव एवं जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने प्रेस वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि समिति लगातार 15वीं बार 105 फीट के रावण का दहन करने जा रही है। महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश शासन के मंत्रीगण, सांसद आलोक शर्मा, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा और महापौर मालती राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण
दशहरा महोत्सव में भजन गायक सुनील लोधी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मुंबई के बैंड ‘ROOTS: नादान’ की प्रस्तुति भी होगी। भारतीय संस्कृति और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जयपुर और शिवाकाशी की आतिशबाजी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
समाज और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को स्वर्गीय विजेश लूनावत युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
लाखों लोगों की संभावित भीड़ के लिए व्यापक इंतजाम
महोत्सव में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हाईमास्ट लाइट, एलईडी स्क्रीन, लाइव प्रसारण और सराउंड साउंड की व्यवस्था रहेगी।
महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए पेयजल तथा खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग स्थल भी तैयार किए गए हैं। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय समिति
रविंद्र यति ने नागरिकों से परिवार सहित दशहरा महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि कोलार हिंदू उत्सव समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहती है।
समिति द्वारा विश्राम घाटों पर सुविधाएं उपलब्ध कराने, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित करने, वृक्षारोपण करने और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण देने जैसे कार्य किए जाते हैं। दशहरा महोत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?