भोपाल में बारिश ने मचाई आफत, 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश; 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न

Aug 10, 2026 - 19:52
 0  21
भोपाल में बारिश ने मचाई आफत, 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश; 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न
भोपाल में बारिश ने मचाई आफत, 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश; 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न

भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जो इस सीजन में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश बताई जा रही है। तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।

बारिश के कारण पुराने शहर के 50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई। बैरसिया रोड पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं वीआईपी रोड और मिनाल क्षेत्र की कई सड़कें भी पानी से लबालब नजर आईं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ।

शनिवार रात से शुरू हुई बारिश, सोमवार तक जारी

भोपाल में शनिवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ था। सोमवार दोपहर तक बारिश रुक-रुककर कभी तेज तो कभी हल्की होती रही। लंबे समय तक हुई बारिश के कारण कोलार रोड, नारियलखेड़ा, शिव नगर, करोंद, बैरसिया रोड, गांधी नगर, होशंगाबाद रोड, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड और बैरागढ़ समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में मंत्री विश्वास सारंग भी पहुंचे और जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में तत्काल पानी निकासी कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

डैमों में बढ़ा पानी

लगातार बारिश के कारण भोपाल के जलस्रोतों में भी पानी की आवक बढ़ी है। जानकारी के मुताबिक कलियासोत डैम में करीब 1 फीट, केरवा में 3 फीट और कोलार डैम में करीब 1 फीट पानी बढ़ा है।

नगर निगम अध्यक्ष ने प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण

अतिवृष्टि के कारण जलभराव से प्रभावित लुंबिनी परिसर, अंबेडकर नगर और आराधना नगर क्षेत्रों का नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं।

नगर निगम अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी कराई जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग, साफ-सफाई और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बारिश से शहर के कई हिस्सों में बिगड़े हालात

बैरसिया रोड स्थित ईंटखेड़ी के पास उफनती बाणगंगा नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिसके बाद एहतियात के तौर पर रास्ता बंद कर दिया गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

राजेंद्र नगर, शिव नगर, निशातपुरा और करोंद समेत कई इलाकों में जलभराव हुआ। कई घरों में पानी भरने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

वीआईपी रोड के खजूरी गांव चौराहे के पास पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। जेपी अस्पताल कैंपस में भी पेड़ गिरने की सूचना सामने आई।

वंशुधरा कॉलोनी में करीब दो फीट तक पानी भर गया और कारें भी पानी में फंस गईं।

जेल रोड स्थित नयापुरा में श्मशान घाट के आसपास पानी भर गया।

बैरागढ़ के कैलाश नगर स्थित साईं बाबा रेसिडेंसी में करीब एक फीट तक पानी भरने से रहवासियों को परेशानी हुई।

कोलार रोड के डी-मार्ट चौराहा स्थित जानकी अपार्टमेंट के बेसमेंट में पानी भर गया। पानी बिजली के मीटर तक पहुंचने से करंट फैलने का खतरा भी बना रहा।

निगम प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों को जल निकासी, साफ-सफाई और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए टीमों को सक्रिय रखा गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow