भोपाल के परवलिया सड़क क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर की बड़ी खेप बरामद, 61 घरेलू और 7 कमर्शियल सिलेंडर जब्त
भोपाल।
राजधानी के परवलिया सड़क क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर मौके से 61 घरेलू और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडरों को एक वाहन के साथ जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि ये अवैध सिलेंडर सीहोर जिले के अहमदपुर से लाकर परवलिया क्षेत्र में खपाए जा रहे थे।
घर के बाहर खड़ी गाड़ी, अंदर ताला डालकर भागे लोग
खाद्य विभाग की टीम को जब परवलिया सड़क क्षेत्र में अवैध गैस भंडारण की सूचना मिली, तो अधिकारियों ने तुरंत मौके पर धावा बोल दिया। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी में भारी मात्रा में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर मिले।
सूत्रों के अनुसार, घर के अंदर भी बड़ी संख्या में सिलेंडर मौजूद होने की आशंका थी। हालांकि, जैसे ही टीम पहुंची, मौके पर मौजूद एक महिला ताला डालकर एक अन्य व्यक्ति के साथ वहाँ से रफूचक्कर हो गई। विभागीय अधिकारियों ने जब सिलेंडर रखे स्थल मालिक से फोन पर संपर्क किया, तो उसने जल्द ही मौके पर पहुंचने की बात कहकर फोन काट दिया। इसके बाद उसने एक अन्य युवक को भेजकर मकान पर ताला डलवा दिया और पूरी तरह किनारा कर लिया। ताला बंद होने के कारण खाद्य विभाग की टीम घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकी और बाहर मिले वाहनों व सिलेंडरों को ही जब्त कर वापस लौट आई।
अहमदपुर की इंडियन गैस एजेंसी पर उठे बड़े सवाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए ये सभी सिलेंडर सीहोर जिले के अहमदपुर में संचालित इंडियन गैस एजेंसी से लाए गए थे। हैरानी की बात यह है कि इस क्षेत्र में अवैध गैस तस्करी की खबरें पहले भी सामने आ चुकी हैं। पूर्व में भी खाद्य विभाग और इंडियन गैस कंपनी द्वारा अहमदपुर एजेंसी को सख्त चेतावनी दी गई थी कि सीहोर जिले से भोपाल जिले की सीमा में सिलेंडर न पहुंचाए जाएं। इसके बावजूद इन नियमों को ठेंगा दिखाकर भोपाल में अवैध सप्लाई धड़ल्ले से जारी है।
इस मामले में इंडियन कंपनी के सेल्स ऑफिसर विनीत शर्मा द्वारा फूड कंट्रोलर को उज्ज्वला कनेक्शन और 15 किलोमीटर की परिधि का हवाला देकर सफाई देने का प्रयास किया गया है,जबकि पकड़े गए सिलेंडर के स्थान से एजेंसी 30 किलोमीटर दूर है! लेकिन प्रशासनिक नियमों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर इस तरह की अवैध आवाजाही कई बड़े सवाल खड़े करती है।
प्रशासनिक अकादमी में 80 सिलेंडर सप्लाई का हवाला और सुरक्षा का गंभीर खतरा
जांच के दौरान एक नया और गंभीर पहलू सामने आया है—सिलेंडरों को 'प्रशासनिक अकादमी' में 80 सिलेंडर सप्लाई करने का हवाला दिया गया है।
लेकिन जानकारों और स्थानीय लोगों का सवाल है कि:
* क्या नियम के तहत एक साथ 80 सिलेंडरों की इतनी बड़ी खेप किसी रिहायशी या घनी आबादी वाले इलाके में खुलेआम खड़ी की जा सकती है?
* विस्फोटक पदार्थों के रख-रखाव और सुरक्षा मानकों के नियमों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा?
* पिछले 6 महीनों में इस नाम पर कितनी बार बिल जनरेट हुए हैं और क्या ये महज कागजी हेराफेरी है?
घनी आबादी के बीच इस तरह सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए गैस सिलेंडरों रखना किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण देने जैसा है।
आगे की कार्रवाई जारी
खाद्य विभाग ने फिलहाल जब्त किए गए सभी 61 घरेलू और 7 कमर्शियल सिलेंडरों को जानवी गैस गोडाउन में सुरक्षित जमा करा दिया है, जबकि पकड़े गए वाहन को गांधीनगर थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस परिवहन और कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गौर करने वाली बात यह है कि ठीक एक दिन पहले कोलार क्षेत्र में भी अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई थी। अब देखना यह होगा कि खाद्य विभाग और पुलिस प्रशासन इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं और अहमदपुर एजेंसी की संलिप्तता पर कितनी कठोर कार्रवाई करता है।
प्रमुख बिंदु
* कार्रवाई का स्थान: परवलिया सड़क क्षेत्र (मतेश्वर तिवारी के घर के पास)
* जब्ती: 61 घरेलू और 7 कमर्शियल सिलेंडर, साथ ही एक लोडिंग वाहन
* कार्रवाई करने वाली टीम: सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी और पुष्पराज पाटिल के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम
* गैस एजेंसी कनेक्शन: सीहोर जिले के अहमदपुर स्थित इंडियन गैस एजेंसी
* वर्तमान स्थिति: जब्त सिलेंडर 'जानवी गैस गोडाउन' में जमा, वाहन गांधीनगर थाने के सुपुर्द
What's Your Reaction?