ट्रेन में झाड़ू लगाकर यात्रियों के पर्स पर रखता था नजर, जीआरपी भोपाल ने आरोपी को किया गिरफ्तार
तीन लाख रुपये कीमत का दो तोला सोने का मंगलसूत्र बरामद, ट्रेन से गिरने के बाद गंवा चुका है एक पैर
भोपाल।
ट्रेनों में झाड़ू लगाकर यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए चोरी करने वाले एक आरोपी को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत का दो तोला सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। आरोपी की पहचान संतोष पिता लक्ष्मीकान्त (22 वर्ष), निवासी मुस्कान कॉलोनी, अयोध्या बायपास, भोपाल के रूप में हुई है।
जीआरपी पुलिस के मुताबिक रेल इकाई भोपाल में अपराध रोकथाम एवं नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल नीतू डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल रामस्नेह चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने 3 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मंगलसूत्र बरामद किया।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को रायपुर निवासी चित्ररेखा अपने पति के साथ ट्रेन नंबर 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के ए-1 कोच में रायपुर से निजामुद्दीन की यात्रा कर रही थीं। भोपाल स्टेशन पहुंचने से पहले सीट पर रखा उनका लेडीज पर्स गायब हो गया। पर्स में रोजमर्रा के सामान के साथ सोने का मंगलसूत्र भी रखा था।
बाद में पर्स ट्रेन के बाथरूम में मिल गया, लेकिन उसमें रखा मंगलसूत्र गायब था। पीड़िता ने निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में जीआरपी भोपाल थाने में अपराध क्रमांक 784/26, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ट्रेन और स्टेशन से संबंधित सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति उतरता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी तलाश कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम संतोष बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर करीब दो तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये है, बरामद किया गया।
ट्रेनों में झाड़ू लगाकर करता था गुजर-बसर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में झाड़ू लगाकर गुजर-बसर करता था। इसी दौरान वह यात्रियों के सामान पर नजर रखता और लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी कर लेता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में ट्रेन से गिरने के कारण अपना एक पैर गंवा चुका है।
पहले भी दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी संतोष के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ निम्न प्रकरण सामने आए हैं—
अपराध क्रमांक 444/24 — धारा 303(2) बीएनएस, थाना हनुमानगंज
अपराध क्रमांक 718/24 — धारा 379 भादवि, जीआरपी भोपाल
अपराध क्रमांक 642/24 — धारा 379 भादवि, जीआरपी भोपाल
अपराध क्रमांक 784/26 — धारा 305(सी) बीएनएस, जीआरपी भोपाल
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
जीआरपी ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने पर्स, मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान को सीट पर खुला या लावारिस न छोड़ें। विशेष रूप से ट्रेन में घूमने वाले अनजान व्यक्तियों पर नजर रखें और सामान की सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरतें।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक जहीर खान, प्रधान आरक्षक 112 अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक 285 राजेश शर्मा, आरक्षक 698 सचिन जाट, आरक्षक 602 ब्रजेश कारपेंटर और आरक्षक 336 आकाश परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?