एक घंटे की बारिश में जलमग्न हुआ बापौली धाम आश्रम, संस्कृत पाठशाला के 60 छात्र सुरक्षित
रायसेन/बरेली। रायसेन जिले के बरेली से 12 किलोमीटर दूर विंध्याचल पर्वत की तलहटी में स्थित प्रसिद्ध बापौली धाम आश्रम सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से जलमग्न हो गया। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और आश्रम परिसर में पानी भर गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय आश्रम की संस्कृत पाठशाला में लगभग 60 छात्र मौजूद थे। परिसर में अचानक पानी भरने पर छात्र नींद से जाग गए और आश्रम प्रबंधन की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बारिश के चलते बापौली धाम स्थित शिव मंदिर, परम पूज्य गुरुदेव की कुटी, गौशाला और आश्रम का पूरा परिसर पानी में डूब गया। जलभराव से आश्रम की व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं और काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आश्रम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से आश्रम के लिए प्रार्थना करने तथा पुनर्व्यवस्था और राहत कार्यों में सहयोग की अपील की है। प्रशासन की ओर से भी हालात पर नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?