पार्वती नदी उफान पर, बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग बंद

Jul 7, 2026 - 20:42
 0  42
पार्वती नदी उफान पर, बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग बंद

वैकल्पिक रास्ता भी जलमग्न, प्रशासन ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध; उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई

भोपाल। लगातार हो रही बारिश के कारण पार्वती नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग को जोड़ने वाला अस्थायी वैकल्पिक रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो गया है। तेज बहाव को देखते हुए बैरसिया प्रशासन ने इस मार्ग पर सभी प्रकार की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) आशुतोष शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पार्वती नदी पर बना पुराना पुल पहले से ही जर्जर होने के कारण बंद है। अब वैकल्पिक मार्ग भी डूब जाने से दोपहिया, चारपहिया, ट्रैक्टर, भारी वाहनों के साथ-साथ पैदल आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को मार्ग पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, पीडब्ल्यूडी एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा। प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने या नदी पार करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए प्रतिबंध का पालन करें और जोखिम न उठाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow