सरकारी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का मामला फिर गरमाया
SDM सोनकिया ने दबी हुई फाइल फिर निकाली, दिए जांच के निर्देश
भोपाल।
हुजूर तहसील के अंतर्गत ग्राम परवलिया सड़क में सरकारी जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने और अवैध कब्जे के मामले में प्रशासनिक हड़कंप मच गया है। तकरीबन 6 माह से नायब तहसीलदार कार्यालय में ठंडे बस्ते में पड़ी जांच फाइल पर SDM विनोद सोनकिया ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत सामने आते ही एसडीएम ने नायब तहसीलदार के बाबू को फाइल तत्काल पेश करने के आदेश दिए हैं, साथ ही पटवारी को नए सिरे से मौका मुआयना कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मामले पर एक नज़र
* फरवरी में दर्ज हुई थी शिकायत: एडवोकेट चेतन पाटीदार निवासी परवलिया सड़क ने 18 फरवरी 2026 को एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि शीबा खान पति आमिर सुल्तान, निवासी ब्राइट कॉलोनी, ईदगाह हिल्स द्वारा सरकारी भूमि को फर्जी तरीके से बेचकर लोगों के नाम रजिस्ट्री कराई जा रही है।
* पटवारी रिपोर्ट में निकली सरकारी ज़मीन: एसडीएम के आदेश पर हुई शुरुआती जांच में पटवारी ने खसरा संख्या 134/2, 135/2, 136/2, 420, 421, 422 आदि भू-खंडों को शासकीय अभिलेख में दर्ज पाया था।
* नोटिस देकर दबाया गया मामला: पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर नायब तहसीलदार द्वारा प्रकरण दर्ज कर अनावेदक शीबा खान को 23 मार्च 2026 को नोटिस जारी किया गया था और 2 मई 2026 को सुनवाई नियत की गई थी। लेकिन आरोप है कि इसके बाद न तो किसी पक्ष को बुलाया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई, जिससे मामला दब गया।
6 माह बाद फिर शिकायत, भू-माफियाओं में मची खलबली
नायब तहसीलदार स्तर पर सुनवाई न होने पर आवेदक ने 1 अक्टूबर 2026 को पुनः एसडीएम विनोद सोनकिया के सामने उपस्थित होकर लिखित शिकायत दी। आवेदन में मांग की गई है कि सरकारी जमीन बेचने वाले भू-माफियाओं पर धारा 420 जालसाजी के तहत मामला दर्ज कराया जाए और शासकीय भूमि से बेदखली की कार्रवाई हो।
अधिकारी के कड़े तेवर
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा या जालसाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित रीडर से फाइल तलब कर ली गई है और पटवारी को पुनः जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
— विनोद सोनकिया, एसडीएम, तहसील हुजूर
What's Your Reaction?