भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन का तबादला, रामप्रकाश अहिरवार होंगे नए कमिश्नर
मध्यप्रदेश शासन ने जारी किए आदेश, अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी
भोपाल।
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में नगर निगमों के आयुक्तों सहित चार अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की है। इसके तहत भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को हटाकर मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वहीं, जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, संस्कृति जैन (2015 बैच) वर्तमान में भोपाल नगर निगम की आयुक्त होने के साथ मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड में अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं। उन्हें अब वित्त विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी तरह, रामप्रकाश अहिरवार (2018 बैच), जो वर्तमान में जबलपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, अब भोपाल नगर निगम आयुक्त के साथ मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
वहीं, अग्रिम कुमार (2020 बैच), जो जिला पंचायत छिंदवाड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ थे, उन्हें जबलपुर नगर निगम आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा, अंजू अरुण कुमार (2017 बैच), जो भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी और भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं, उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।
ये सभी पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से की गई हैं।
What's Your Reaction?