हार्वेस्टर से टकराकर पलटी कार, युवक की मौत; चालक गंभीर
बैतूल। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बैतूल-इंदौर हाईवे पर चिचोली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धनोरा-कुंडली के बीच तेज रफ्तार कार आगे चल रहे हार्वेस्टर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार 20 वर्षीय युवक अंकित चंदेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहा उसका दोस्त रिमून पवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार हादसा नेशनल हाईवे-47 पर धनोरा-कुंडली के बीच हुआ। ग्राम गढ़ा निवासी पवन चंदेल ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई अंकित चंदेल अपने दोस्त रिमून पवार के साथ कार क्रमांक MP 48 ZE 1111 से बैतूल से चिचोली की ओर आ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे हार्वेस्टर क्रमांक HR 01 BA 5049 से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में अंकित चंदेल गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि अंकित फार्मेसी का छात्र था और मेडिकल स्टोर पर काम करता था। वहीं कार चालक रिमून पवार को भी गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए नागपुर लेकर गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक का चिचोली अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चिचोली पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हार्वेस्टर को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?