संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, भोपाल में जिला कार्यशाला आयोजित

Jul 29, 2026 - 19:50
 0  15
संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, भोपाल में जिला कार्यशाला आयोजित
संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, भोपाल में जिला कार्यशाला आयोजित

भोपाल,

संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया। अभियान के तहत भाजपा भोपाल नगर द्वारा प्रदेश कार्यालय स्थित मीडिया सेंटर में जिला कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा भोपाल नगर जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भोपाल के सभी मंडलों में अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और कार्यकर्ता संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि संत रविदास द्वारा दिया गया समरस और समानतामूलक समाज का संदेश आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनके विचारों को पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा सामाजिक समरसता और एकता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान भोपाल के नवनियुक्त एल्डरमैनों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने और समाज में समरसता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव का आयोजन

'समरसता संकल्प अभियान' के अंतर्गत भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव भी आयोजित किया गया। प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, महापौर मालती राय, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एड. रामस्वरूप शुक्रवारे सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।

अभियान के तहत जहां संत रविदास के मंदिर हैं, वहां विशेष दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर संत रविदास के चित्र के समक्ष दीप जलाकर सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ सहभागिता कर समाज में एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow