पोस्टमार्टम गृह हटाने की मांग तेज: वार्डवासियों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मैहर।
नगर परिषद अमरपाटन के वार्ड क्रमांक-05 स्थित अनुसूचित जाति मलीन बस्ती के बीच संचालित पोस्टमार्टम गृह को हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व पार्षद धर्मेंद्र बंसल के नेतृत्व में स्थानीय वार्डवासियों ने कलेक्टर मैहर के नाम एसडीएम दिव्या पटेल को ज्ञापन सौंपकर पोस्टमार्टम गृह को नवीन अस्पताल परिसर में स्थानांतरित करने तथा वर्तमान स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पोस्टमार्टम गृह को हटाने की मांग को लेकर रहवासी पहले भी 9 जुलाई 2024, 19 अगस्त 2025 और 18 नवंबर 2025 को जनसुनवाई में आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वार्डवासियों का कहना है कि वर्तमान पोस्टमार्टम गृह के आसपास मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र और दो विद्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है। पोस्टमार्टम के दौरान बनने वाला माहौल बच्चों और महिलाओं में भय व असहजता पैदा करता है, जिससे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित होता है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि पुराने पोस्टमार्टम गृह के समीप नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनहित को देखते हुए पोस्टमार्टम गृह को नवीन अस्पताल परिसर में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में प्रशासन को सात दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वार्डवासी एवं नगर के नागरिक संयुक्त रूप से विशाल धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद धर्मेंद्र बंसल, रामचंद्र साकेत, बनारसी बंसल, बाल सिंह, बाघ सिंह, अमर सिंह, इंद्रजीत साकेत, अंकित, राकेश साकेत, अनवर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?