भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने पहली बार ली भोपाल जिला संगठन की बैठक, बूथ स्तर पर मजबूती पर दिया जोर
जिलाध्यक्ष रविंद्र यति ने प्रस्तुत किया संगठनात्मक गतिविधियों का ब्यौरा, आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर हुई चर्चा
भोपाल,
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शनिवार को पहली बार भाजपा जिला भोपाल की संगठनात्मक बैठक ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय के मीडिया कक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक का शुभारंभ प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति ने भोपाल जिले में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, बैठकों, प्रवास कार्यक्रमों और जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में जिला पदाधिकारियों का परिचय भी कराया गया।
संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और उनकी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा एवं भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सभी मोर्चों के प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह, महापौर मालती राय और जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा शामिल हुए।
इसके अलावा पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह एवं शैलेंद्र प्रधान, भोपाल के पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और सभी मोर्चों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, आगामी कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?