CM मोहन यादव का एक्शन मोड: शिकायतें सुनते ही CMHO समेत 3 अधिकारी सस्पेंड, हर शुक्रवार लगेगा जनता दरबार
छिंदवाड़ा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को छिंदवाड़ा दौरे पर एक्शन मोड में नजर आए। मुख्यमंत्री ने यहां ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ की शुरुआत की और जनता की शिकायतें सुनते हुए लापरवाही के मामलों में कड़ी कार्रवाई की। शिकायतों पर सुनवाई के दौरान छिंदवाड़ा के CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े, एक तहसीलदार और एक पटवारी को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
छिंदवाड़ा से ‘जन-विश्वास अभियान’ की शुरुआत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ का उद्देश्य सरकार को जनता के और करीब लाना है। अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और अधिकारी क्षेत्र में जाकर लोगों से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से मिले सुझावों के आधार पर भविष्य की योजनाओं और नीतियों को तैयार किया जाएगा। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हर शुक्रवार रहेगा ‘नो मीटिंग डे’
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब मध्यप्रदेश में हर शुक्रवार ‘नो मीटिंग डे’ रहेगा। इस दिन जिला मुख्यालय से लेकर तहसील स्तर तक जनता दरबार लगाए जाएंगे।
इनमें मंत्री, विधायक, कलेक्टर, कमिश्नर और अन्य अधिकारी फील्ड में मौजूद रहकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने अभियान के चार प्रमुख आधार संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी बताए।
कलेक्ट्रेट के लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र के विकास, औद्योगिक संभावनाओं और स्थानीय जरूरतों पर चर्चा की।
प्राकृतिक खेती और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप विकास की योजनाएं तैयार की जा रही हैं। प्राकृतिक खेती, पशुपालन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे जैसी पहलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा।
सरकार जनता के बीच पहुंचकर सुनेगी समस्याएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जन-विश्वास अभियान के जरिए सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना और नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।
What's Your Reaction?