ढोढर में निर्माणाधीन मकान के तलघर में महिला-पुरुष के शव, सुसाइड नोट भी मिला
जावरा/ढोढर। रतलाम जिले के ढोढर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन मकान के तलघर में महिला और पुरुष के शव मिले। घटनास्थल से सल्फास की गोलियां और सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जावरा सरकारी अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ईश्वरलाल प्रजापत और चंदाबाई, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। सुबह मकान मालिक निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा था। तलघर में दोनों के शव पड़े दिखाई देने पर उसने तत्काल ढोढर पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद और ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
सुसाइड नोट में मौत की जिम्मेदारी खुद लेने का उल्लेख
मौके से मिले सुसाइड नोट में दोनों द्वारा अपनी मौत की जिम्मेदारी स्वयं लेने की बात लिखे होने की जानकारी पुलिस ने दी है। साथ ही घटनास्थल से सल्फास की गोलियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या कारण था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि मामले में सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ ही मृतकों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?