भोपाल में मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन

Aug 6, 2026 - 20:59
 0  12
भोपाल में मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन

भोपाल।

राजधानी में मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। लिंक रोड नंबर-2 स्थित निगम मुख्यालय के मुख्य गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव कर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निगम और प्रशासन का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने किया।

25 साल से मास्टर प्लान नहीं होने का आरोप

प्रदर्शन के दौरान पीसी शर्मा ने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भोपाल पिछले करीब 25 वर्षों से बिना मास्टर प्लान के चल रहा है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में शहर का सुनियोजित विकास प्रभावित हो रहा है और नागरिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने भोपाल में जल्द ‘मिक्स्ड लैंड यूज’ नीति लागू करने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस नीति से आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिल सकती है तथा शहर की विकास संबंधी समस्याओं का समाधान आसान होगा।

पुलिस बल तैनात, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम मुख्यालय के मुख्य द्वार पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मास्टर प्लान को जल्द लागू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि भोपाल के व्यवस्थित और सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान लागू करना जरूरी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow