भोपाल में बिना लाइसेंस बिक रहा था प्रोसेस्ड वॉटर, प्रशासन ने बिक्री रुकवाई
इंद्रपुरी की राज एंटरप्राइजेज प्रोसेस्ड वाटर यूनिट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, न लाइसेंस मिला और न वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट
भोपाल। राजधानी में बिना वैध अनुमति और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किए प्रोसेस्ड वॉटर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंद्रपुरी स्थित राज एंटरप्राइजेज प्रोसेस्ड वाटर यूनिट पर औचक निरीक्षण किया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने पानी की बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद करा दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार, निरीक्षण के दौरान यूनिट में 20 लीटर के कैंपर और जार में प्रोसेस्ड वॉटर भरकर बिक्री किया जा रहा था। जांच में यूनिट की उत्पादन क्षमता करीब 15 हजार लीटर प्रतिदिन पाई गई।
न लाइसेंस मिला, न पानी की जांच रिपोर्ट
जांच के दौरान संचालक के पास खाद्य सुरक्षा विभाग का आवश्यक लाइसेंस नहीं मिला। वहीं, पानी की गुणवत्ता से संबंधित वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। संचालक मौके पर आवश्यक वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके।
बिक्री पर रोक, कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
अनियमितताएं सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने यूनिट से प्रोसेस्ड वॉटर की बिक्री तत्काल रुकवा दी। विभाग ने मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा यूनिट से जुड़े दस्तावेज और पानी की गुणवत्ता से संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?