रतलाम में MD ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Aug 19, 2026 - 18:06
 0  38
रतलाम में MD ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

जावरा/रतलाम। थाना पिपलौदा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की MD ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी सुखेड़ा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावरा की ओर से पिपलौदा की तरफ काले रंग की हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल पर दो युवक MD ड्रग्स लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जावरा-पिपलौदा रोड स्थित पंचेवा फंटे पर हनुमान मंदिर के पास नाकाबंदी कर घेराबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर पुलिस ने उसमें सवार युवकों से पूछताछ की। उनकी पहचान मोईन पिता शाबिर अब्बासी, उम्र 20 वर्ष और फैजान उर्फ जादू पिता फरीद पठान, उम्र 23 वर्ष, दोनों निवासी बिजली घर के पीछे, जावरा के रूप में हुई।

नियमानुसार तलाशी लेने पर फैजान उर्फ जादू के कब्जे से करीब 20 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करने के साथ ही मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 MJ 7104 भी जब्त कर ली।

पूछताछ में सामने आया तीसरे आरोपी का नाम

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ की। विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर परवेज पिता रईस खान, उम्र 27 वर्ष, निवासी नई आबादी, ग्राम बाराखेड़ा, थाना पिपलौदा की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और MD ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

2.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में 20 ग्राम MD ड्रग्स, अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये, तथा हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये जब्त की है। कुल जब्ती करीब 2.40 लाख रुपये की बताई गई है।

आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपलौदा निरीक्षक रमेश कोली, चौकी प्रभारी सुखेड़ा उप निरीक्षक राजू मखोड, सउनि. कन्हैयालाल खैरवा, प्रधान आरक्षक अभय चौहान, आरक्षक विजयपाल सिंह, रोहताश जाट, प्रेम मीणा, प्रेम मर्सकोले, जितेन्द्र माली, तुषार सिसोदिया तथा सैनिक कृष्णदास बैरागी की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow