चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, वॉटर कैनन से रोके प्रदर्शनकारी

Sep 28, 2026 - 17:41
 0  9
चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, वॉटर कैनन से रोके प्रदर्शनकारी
चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, वॉटर कैनन से रोके प्रदर्शनकारी

भोपाल। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को राजधानी भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से अरेरा हिल्स स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय तक विशाल पैदल मार्च निकाला और घेराव का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लिंक रोड पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

हरीश चौधरी बोले- यह कांग्रेस नहीं, संविधान बचाने की लड़ाई

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि यह केवल कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश, मध्य प्रदेश और संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने चुनाव आयोग की नियुक्ति और उसकी जवाबदेही से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाओं में बदलाव को लेकर सवाल उठाए।

चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया और आंकड़ों को लेकर देश के सामने सवाल रखे हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, ERO की कानूनी भूमिका तथा SIR की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब संविधान और कानून के आधार पर दिया जाना चाहिए।

जीतू पटवारी बोले- चुनावी प्रक्रिया पर जनता का भरोसा जरूरी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की नींव जनता के वोट और उसके भरोसे पर टिकी है। चुनाव में जीत-हार होती रहती है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बना रहना सबसे जरूरी है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने 2014 और 2019 के जनादेश को स्वीकार किया, लेकिन 2024 के चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए हैं। इन सवालों का जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के साथ मिलना चाहिए।

उन्होंने अपने बूथ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा का कोई कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहा था, फिर भी भाजपा को करीब 300 वोट मिले। पटवारी ने इसे अपना व्यक्तिगत अनुभव बताते हुए ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई।

उमंग सिंघार बोले- वोट और संविधान की रक्षा की लड़ाई

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी की सत्ता की नहीं, बल्कि आम आदमी के वोट, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी के वोट पर सवाल उठता है तो कांग्रेस जनता के साथ खड़ी रहेगी।

सिंघार ने कहा कि युवा रोजगार मांग रहा है, किसान समर्थन मूल्य की मांग कर रहा है और महिलाएं सुरक्षा चाहती हैं। दलित और आदिवासी जल, जंगल और जमीन के अधिकार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता, ईवीएम तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। सिंघार ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सह-प्रभारी रणविजय सिंह लोचव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, मुकेश नायक, सुखदेव पांसे, विजयलक्ष्मी साधौ, आरिफ मसूद, फुंदेलाल मार्को, आतिफ अकील, महेश परमार, नितेंद्र राठौर, सिद्धार्थ कुशवाहा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर जवाब की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow