रतलाम में 2.495 किलो MD ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त, 2.70 करोड़ का मशरूका बरामद
रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालूखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है। पुलिस के मुताबिक जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्त मशरूका करीब 2.70 करोड़ रुपये का है।
मुखबिर की सूचना पर की गई नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को चौकी मावता के प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को सूचना मिली थी कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन मीणा और उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पंचों एवं पुलिस बल के साथ रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से रियावन की ओर ले गया।
जंगल में कार छोड़कर फरार हुए आरोपी
पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। आरोपी वाहन को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गए। रास्ता खराब और उबड़-खाबड़ होने के कारण आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में कार छोड़ दी और जंगल एवं झाड़ियों की ओर भाग गए।
पुलिस टीम ने आसपास के खेतों और झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
ड्राइवर सीट के नीचे मिली MD ड्रग्स
पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने छोड़ी गई क्रेटा कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग के कपड़े की थैली मिली। इसके अंदर तीन पारदर्शी प्लास्टिक थैलियां रखी थीं, जिनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा/क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला।
पुलिस के अनुसार जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के बाद पदार्थ की पहचान MD ड्रग्स के रूप में हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स मिली।
पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत पैक कर सीलबंद करते हुए जब्त कर लिया है।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी, क्रेटा कार के अज्ञात चालक और दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि MD ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसका सप्लायर कौन है और इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह सामान हुआ जब्त
MD ड्रग्स: 2 किलो 495 ग्राम — अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये
हुंडई क्रेटा कार: अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये
कुल अनुमानित मशरूका: करीब
What's Your Reaction?