इतवारा चौक पर CP संजय कुमार ने किया जनसंवाद, नागरिकों ने उठाए गांजा कारोबार और शराब दुकानों के मुद्दे
भोपाल। थाना तलैया क्षेत्र के इतवारा चौक पर पुलिस कमिश्नर (CP) श्री संजय कुमार ने स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को पुलिस कमिश्नर के सामने रखा। CP ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
गांजा कारोबार पर सख्त कार्रवाई, निर्दोषों को न फंसाने की मांग
जनसंवाद में नागरिकों ने गांजा के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि जो लोग इस अवैध गतिविधि में शामिल नहीं हैं, उन्हें झूठे मामलों में न फंसाया जाए और किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई न हो।
बच्चों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार पर जोर
कुझबुंदिया समाज के नागरिकों ने समाज के बच्चों की पढ़ाई के लिए शासन की ओर से आर्थिक एवं शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। नागरिकों का कहना था कि आवश्यक सहयोग मिलने से समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।
इसके साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए शासन स्तर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
छेकोड़ी मंदिर के पास शराब दुकानों को हटाने की मांग
स्थानीय लोगों ने इतवारा क्षेत्र में छेकोड़ी मंदिर के पास संचालित शराब की दुकानों को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी पुलिस कमिश्नर के सामने रखी।
कपड़ा कारोबार के लिए गुमटियां उपलब्ध कराने की मांग
जनसंवाद में बताया गया कि कुझबुंदिया समाज के कई लोग कपड़े बेचने का व्यवसाय करते हैं। नागरिकों ने उनके आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए छोटी-छोटी दुकानें अथवा गुमटियां उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे व्यवस्थित तरीके से अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
नागरिकों द्वारा रखी गई शिकायतों और सुझावों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक नियमों की दिलाई शपथ, साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
जनसंवाद के दौरान CP संजय कुमार ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपायों की जानकारी दी गई।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें।
मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की सूचना देने की अपील
CP ने मादक पदार्थों और अवैध हथियारों से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की भी अपील की। इसके लिए मोबाइल नंबर 7587648330 पर सूचना देने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जनसंवाद के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से नागरिकों की समस्याओं को सुनने के साथ अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
What's Your Reaction?