शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, 28वें दिन भी आंदोलन जारी
सात दिन से निर्जला अनशन पर बैठे अभ्यर्थी की हालत बिगड़ी, खून से पत्र लिखकर मांगी इच्छामृत्यु
भोपाल
वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन 28वें दिन भी जारी रहा। डीपीआई के सामने पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों में राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी नरेंद्र राजपूत सात दिन से निर्जला भूख हड़ताल पर हैं। लगातार अनशन के चलते उनकी तबीयत बिगड़ने का दावा आंदोलनकारियों ने किया है।
अभ्यर्थियों के अनुसार बुधवार रात नरेंद्र राजपूत की तबीयत कई बार बिगड़ी और वे बेहोश भी हुए। इसके बाद आंदोलनकारियों ने खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल और राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी।
बारिश में भी जारी रहा प्रदर्शन
बुधवार रात तेज बारिश के बावजूद अभ्यर्थियों ने डीपीआई के सामने प्रदर्शन जारी रखा। बारिश में आंदोलनकारियों के साथ उनका सामान भी भीग गया। निर्जला अनशन पर बैठे नरेंद्र राजपूत भी बारिश में भीगते रहे। प्रदर्शनकारियों ने डीपीआई आयुक्त के कथित रवैये के विरोध में नारेबाजी की।
नरेंद्र राजपूत ने कहा कि इससे पहले भी भूख हड़ताल खत्म कराई गई थी और उस समय शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उनके अनुसार मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्हें दोबारा अनशन करना पड़ा।
राजपूत ने दावा किया कि सात दिन से उन्होंने पानी तक नहीं पिया है और उन्हें हार्ट में दर्द तथा बीपी बढ़ने की शिकायत हो रही है। उनका आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद गुरुवार सुबह तक डॉक्टर जांच के लिए नहीं पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से डॉक्टर बुलाने की मांग किए जाने की बात भी कही।
आंदोलनकारियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?