कमला नगर पुलिस की दोहरी सफलता: धारदार छुरी के साथ आरोपी गिरफ्तार, 2025 से फरार स्थाई वारंटी भी पकड़ा

Aug 7, 2026 - 16:18
 0  9
कमला नगर पुलिस की दोहरी सफलता: धारदार छुरी के साथ आरोपी गिरफ्तार, 2025 से फरार स्थाई वारंटी भी पकड़ा

भोपाल। कमला नगर थाना पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोहरी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25 आर्म्स एक्ट के मामले में एक आरोपी को धारदार छुरी के साथ गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2025 से एक स्थाई वारंट में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी स्थाई वारंट में भी औपचारिक गिरफ्तारी की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक निरूपा पाण्डे के नेतृत्व में कमला नगर पुलिस लगातार अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों तथा वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही है।

लाल सिंह ग्राउंड में धारदार छुरी लेकर खड़ा था आरोपी

06 अगस्त को कमला नगर पुलिस टीम बीट भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाल सिंह ग्राउंड, डी सेक्टर, कमला नगर में एक युवक लोहे की धारदार छुरी लेकर खड़ा है। सूचना की तस्दीक और वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम और गवाहों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रेम थापा पिता मिनराज थापा, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई।

44 सेंटीमीटर लंबी धारदार छुरी बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से करीब 44 सेंटीमीटर लंबी लोहे की धारदार छुरी बरामद हुई। छुरी रखने के संबंध में वैध लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी के पास कोई लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने धारदार छुरी जब्त कर आरोपी को धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जब्ती की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।

2025 से स्थाई वारंट में चल रहा था फरार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी प्रेम थापा के खिलाफ माननीय न्यायालय श्री लोकेश करण, जेएमएफसी भोपाल द्वारा प्रकरण क्रमांक RT 17104/23 में धारा 294, 324, 506, 34 भादवि एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत स्थाई वारंट जारी किया गया था। आरोपी 13 अक्टूबर 2025 से फरार चल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उक्त स्थाई वारंट की तामिली करते हुए संबंधित प्रकरण में उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निरूपा पाण्डे, उप निरीक्षक संजय वर्मा, प्रधान आरक्षक 1017 मनोज जोठे, प्रधान आरक्षक 747 दीपक कटियार, प्रधान आरक्षक 1867 रामस्वरूप, प्रधान आरक्षक 894 अमित बौद्ध एवं आरक्षक 1791 चंदन पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कमला नगर पुलिस ने बताया कि अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow