प्रदर्शनकारी बच्चों पर पुलिस कार्रवाई की अभिनेता रजा मुराद ने की निंदा, बोले— 'जख्मों पर मरहम लगाइए, नमक नहीं'
भोपाल।
भोपाल से ताल्लुक रखने वाले बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने सीजेपी (CJP) के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके साथ संवेदनशील तथा मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए।
रजा मुराद ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि परिवार का कोई बच्चा नाराज होता है तो उसे समझाया और मनाया जाता है, उसके साथ कठोरता नहीं बरती जाती। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, "ये सभी हमारे बच्चे हैं। इनके जख्मों पर मरहम लगाइए, नमक-मिर्च नहीं।"
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में बच्चों की भावनाएं आहत हुई हैं और उन्हें सहानुभूति, संवाद और विश्वास की जरूरत है। उनके अनुसार, जिन बच्चों पर आज लाठियां बरस रही हैं, वही आने वाले समय में देश की बागडोर संभालेंगे। इसलिए जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को उनके साथ संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए।
रजा मुराद ने कहा कि देश केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि एक परिवार है और बच्चे उसी परिवार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि बच्चों की भावनाओं को समझते हुए विवाद का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता रघुवीर यादव भी प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
What's Your Reaction?