विद्युत विभाग का गजब कारनामा: नियमित भुगतान के बावजूद ढाबा संचालक को थमाया 60 हजार का बिजली बिल, कलेक्टर से शिकायत
भोपाल। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की लापरवाही का एक और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। भोपाल जिले के मुगालिया हाट निवासी देवी बाई प्रजापति को अगस्त महीने का बिजली बिल देखकर होश उड़ गए। नियमित रूप से बिल का भुगतान करने के बावजूद, विद्युत विभाग ने खेत पर बने ढाबे के बिजली कनेक्शन का बिल करीब ₹60,490 थमा दिया है।
पीड़ित का कहना है कि वे हर महीने अपना बिजली बिल समय पर जमा करती आ रही हैं। इसके बावजूद अगस्त 2026 के बिल में इतनी बड़ी रकम जोड़ दी गई, जो उनकी सामान्य खपत से कई गुना अधिक है। अचानक आए इस भारी-भरकम बिल से उपभोक्ता न केवल आर्थिक बल्कि मानसिक परेशानी का भी सामना कर रही हैं।
कलेक्टर की चौखट पर गुहार
इस मनमाने और अत्यधिक बिल में सुधार की मांग को लेकर पीड़ित ने भोपाल कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि:
खेत पर बने 'श्री वीर बिगगाजी जोधपुर आशीर्वाद फैमिली ढाबा एण्ड रेस्टोरेंट' के सर्विस क्रमांक 2333012120 पर हर महीने नियमित भुगतान किया जाता रहा है।
अचानक ₹60,000 से अधिक का बिल आना मीटर रीडिंग में त्रुटि या किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा प्रतीत होता है।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से तत्काल मीटर रीडिंग और बिलिंग की जांच करवाकर वास्तविक विद्युत खपत के आधार पर संशोधित बिल जारी करने की मांग की है।
बिजली विभाग की इस कार्यप्रणाली और लापरवाही से स्थानीय उपभोक्ताओं में गहरा असंतोष व्याप्त है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और विद्युत मंडल इस शिकायत पर क्या त्वरित कार्रवाई करते हैं।
What's Your Reaction?