जमनिया के जंगल में 21 गोवंश बरामद, दो गिरफ्तार

Oct 5, 2026 - 19:17
 0  4
जमनिया के जंगल में 21 गोवंश बरामद, दो गिरफ्तार
जमनिया के जंगल में 21 गोवंश बरामद, दो गिरफ्तार

महाराष्ट्र ले जाने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार; गौ सेवक से हाथापाई का भी आरोप

बैतूल। झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम जमनिया के जंगल मार्ग पर देर रात गोवंश तस्करी का मामला सामने आया है। रात करीब 2 बजे 21 गोवंश को रस्सियों से बांधकर महाराष्ट्र की ओर ले जाने की सूचना पर राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं और गौ सेवकों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही झल्लार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। वहीं दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रस्सियों से बांधकर ले जा रहे थे गोवंश

गौ सेवक, गौशाला संचालक एवं राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्य स्वरूप गिरी के मुताबिक, जमनिया के जंगल क्षेत्र में 21 गोवंश को एक-दूसरे से रस्सियों के जरिए बांधकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद संगठन के सदस्यों ने झल्लार पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर गोवंश को बरामद किया गया।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के विभाग सह-संयोजक नितेश मस्की के अनुसार, मौके से डोक्या निवासी दीपक पिता गुलाब कास्दे (35) और मुन्ना पिता श्यामलाल कास्दे (45) को पकड़ा गया। वहीं डोक्या निवासी किशोर उजाने सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

महाराष्ट्र ले जाने की बात सामने आने का दावा

राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्य अर्जुन चौहान के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई कि गोवंश को डोक्या निवासी किशोर उजाने के कहने पर जामझीरी के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। संगठन के अनुसार, बरामद गोवंश में 18 नग गोवंश और 3 गाय शामिल हैं।

गोवंश को महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाने के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।

गौ सेवक से हाथापाई का आरोप

कार्रवाई के दौरान गौ सेवक स्वरूप गिरी के साथ दो संदिग्धों द्वारा हाथापाई किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि कथित मारपीट में स्वरूप गिरी महाराज के शरीर पर चोट के निशान आए हैं। उनका झल्लार स्वास्थ्य केंद्र में एमएलसी परीक्षण भी कराया गया है।

दीपक मालवीय ने पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गौ सेवक के साथ मारपीट के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई के दौरान राष्ट्रीय हिंदू सेना के मंगल विश्वकर्मा, नंदू चिल्हाटे और अनिल पासें सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow