भोपाल में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
भोपाल।
राजधानी भोपाल में युवाओं और कॉलेज छात्रों को एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का अयोध्यानगर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 3 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मारुति इग्निस कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मीनाल रेजिडेंसी क्षेत्र में दो युवक एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चाय कैफे की आड़ में ड्रग्स का कारोबार करते थे और कॉलेज छात्रों व युवाओं को अपना मुख्य ग्राहक बनाते थे।
सस्ते में खरीदकर महंगे दामों में बेचते थे ड्रग्स
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एमडी ड्रग्स कम कीमत पर खरीदते थे और अधिक मुनाफा कमाने के लिए युवाओं तथा कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी चाय कैफे को मिलने-जुलने और सौदेबाजी का माध्यम बनाकर ड्रग्स की सप्लाई करते थे, ताकि किसी को संदेह न हो।
दोनों आरोपी भोपाल के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय हर्ष सोनी, निवासी छत्रपति नगर, अयोध्या बायपास और 26 वर्षीय दीपक ठाकुर, निवासी राधाकृष्णपुरम कॉलोनी, खेजड़ा, अयोध्या बायपास के रूप में हुई है। हर्ष बीई तक पढ़ा है और निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि दीपक 12वीं तक शिक्षित है तथा चाय कैफे का संचालन करता है।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी एमडी ड्रग्स किससे खरीदते थे और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे। पूरे ड्रग्स नेटवर्क की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?