बेटी को परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, स्टेपनी बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

Sep 9, 2026 - 15:01
 0  17
बेटी को परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, स्टेपनी बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

पंचर कार की स्टेपनी बदल रहे थे संतोष नागर, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम; अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

रायसेन। बेटी को परीक्षा दिलाने जबलपुर जा रहे एक पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 4 बजे सुल्तानपुर रोड पर बिनेका के पास हुआ। कार पंचर होने के बाद सड़क किनारे स्टेपनी बदल रहे 40 वर्षीय संतोष नागर को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब एक घंटे तक उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।

पंचर हुई कार, सड़क किनारे स्टेपनी बदल रहे थे

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रेमतालाब निवासी संतोष नागर अपनी बेटी और साढ़ू भाई निलेश नागर के साथ कार से जबलपुर जा रहे थे। बिनेका के पास अचानक कार पंचर हो गई। इसके बाद संतोष ने कार को सड़क किनारे खड़ा किया और उसकी स्टेपनी बदलने लगे।

इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में संतोष के पेट में गंभीर चोट आई। टक्कर के बाद भी वे होश में थे और उन्होंने परिजनों को पेट में तेज दर्द होने की जानकारी दी। परिजन उन्हें तुरंत सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

किसान थे संतोष, परिवार में पत्नी और दो बच्चे

संतोष नागर खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पास करीब 4 से 5 एकड़ कृषि भूमि बताई गई है। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और एक बेटा है। बेटी को परीक्षा दिलाने जबलपुर जाते समय हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के बाद ग्राम प्रेमतालाब सहित नागर धाकड़ समाज में शोक का माहौल है।

अज्ञात वाहन और चालक की तलाश

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायसेन जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow