Bhopal Crime: घरों के गेट तोड़कर चोरी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख का माल बरामद

Aug 8, 2026 - 16:30
 0  17
Bhopal Crime: घरों के गेट तोड़कर चोरी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख का माल बरामद

भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में घरों के गेट तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। कार्रवाई में करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी गया मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त 2026 को शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में चोरी की वारदात हुई थी। आरोपी घर से मोबाइल, लैपटॉप, नकदी और दस्तावेज चोरी कर ले गया था। मामले में थाना शाहपुरा में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज कर धारा 331(3) और 305(ए) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपी का सुराग

चोरी की घटना के बाद शाहपुरा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

पुलिस ने घेराबंदी कर स्वर्ण जयंती पार्क के पास से सूरज यादव उर्फ आकाश ड्राइवर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने 2 अगस्त को हुई चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके अलावा उसने थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की।

मुख्य आरोपी से नकदी और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी सूरज यादव के कब्जे से 6,800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में चोरी के सामान को बेचने और खरीदने से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आई।

इसके आधार पर पुलिस ने प्रकाश सोनी और मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी का लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

करीब 3 लाख रुपये का सामान बरामद

शाहपुरा पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई में चोरी की वारदात से संबंधित करीब 3 लाख रुपये कीमत का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने क्षेत्र में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर डीसीपी अखिल पटेल तथा थाना प्रभारी संतोष मरकाम के नेतृत्व में शाहपुरा थाना पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow