महू-नीमच हाईवे पर ट्रकों से तिरपाल काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार
चोरी की मोटरसाइकिलों से करते थे रेकी, स्पीड ब्रेकर और घाटी में धीमे होने वाले ट्रकों को बनाते थे निशाना; ₹8.59 लाख का माल जब्त
रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर तिरपाल काटकर ट्रकों से कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सात आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से 14 कट्टे लहसुन, 13 कट्टे सरसों, चार बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब और देशी पिस्टलनुमा कट्टा सहित दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 8.59 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पान्द्रो और प्रभारी एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमित कोरी के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
खेत के मकान के पीछे से पकड़े गए आरोपी
16 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध धर्मेंद्र बापू के खेत पर बने मकान के पीछे मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर अमन कंजर, राहुल कंजर और निखिल कंजर को पकड़ा। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर अनीश कंजर, चिंटू कंजर और अमित कंजर खेतों की ओर भाग गए।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर की मोटरसाइकिलें और करीब 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद की। तलाशी में अमन सिसोदिया के पास से 32 बोर का पिस्टलनुमा देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। मामले में थाना नामली में अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में प्रकरण दर्ज किया गया।
पूछताछ में दो ट्रकों से चोरी कबूली
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने करीब 20-25 दिन पहले एक ट्रक का तिरपाल काटकर 14 कट्टे लहसुन चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा करीब चार दिन पहले एक अन्य ट्रक से तिरपाल काटकर 13 कट्टे सरसों चोरी करने की बात भी सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों में चोरी की गई कृषि उपज बरामद कर ली गई।
ऐसे करते थे हाईवे पर चोरी
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन लोगों के समूह में हाईवे की रेकी करते थे। तिरपाल से ढके ट्रकों की पहचान कर उनकी निगरानी की जाती थी। खास तौर पर स्पीड ब्रेकर और घाटी जैसे स्थानों पर धीमे होने वाले ट्रकों को निशाना बनाया जाता था।
ट्रक के धीमे होते ही मोटरसाइकिल पर बीच में बैठा आरोपी रस्सी के सहारे ट्रक के ऊपर चढ़ जाता था और तिरपाल काटकर कृषि उपज सड़क किनारे गिरा देता था। पीछे चल रहे साथी मोटरसाइकिल से सामान समेटकर ले जाते थे। चोरी की उपज हाईवे से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने मकान में छिपाकर रखी जाती थी।
ये आरोपी गिरफ्तार
अमन पिता दीपू सिसोदिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी उखेड़िया
राहुल पिता गोरिया हाड़ा, उम्र 30 वर्ष, निवासी उखेड़िया
निखिल पिता बबलू हाड़ा, उम्र 23 वर्ष, निवासी उखेड़िया
सोनू पिता राजेन्द्र सिसोदिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी मेवासा
सात आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार अनीश पिता बबलू हाड़ा, चिंटू पिता राजू हाड़ा, अमित पिता मुकेश हाड़ा, अभिषेक पिता संजय सिसोदिया, आशीष पिता गोपाल चौहान, राजकुमार पिता जगदीश राणावत और धर्मेंद्रसिंह सिसोदिया फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
₹8.59 लाख का मश्रुका जब्त
पुलिस ने 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब, देशी पिस्टलनुमा कट्टा व दो जिंदा राउंड, 14 कट्टे लहसुन, 13 कट्टे सरसों और चार बिना नंबर की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब ₹8.59 लाख है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?