देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्वागत ढाबे के पीछे जुआ खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार रुपए जब्त
देवरी, रायसेन
देवरी थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 20 हजार रुपए नकद और 52 ताश के पत्तों की गड्डी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि NH-45 स्थित स्वागत ढाबा के पीछे कुछ लोग रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर ताश पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कहार, शुभम रघुवंशी, अंकित चौरसिया, दुर्गेश कहार, निखिल मांझी और रोहित नोरिया शामिल हैं। पुलिस ने जुआ फड़ से 17 हजार रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त की। वहीं, आरोपियों की तलाशी में प्रत्येक के पास से 500-500 रुपए मिले। इस प्रकार कुल 20 हजार रुपए जब्त किए गए।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में लगातार हो रही प्रभावी कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुरेश तंडिलकर, आरक्षक दीपक मालवीय, अमित लोधी तथा सैनिक सुरेश रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?