किसानों की आवाज बनकर सरकार और संगठन के बीच मजबूत कड़ी बने किसान मोर्चा: हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल, 26 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा कार्यकर्ता किसानों की आवाज बनकर संगठन और सरकार के बीच मजबूत कड़ी की भूमिका निभाएं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में कार्यकर्ता प्रभावी भूमिका निभाएं।
खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान वर्ष’ घोषित किया है। किसानों के हित, कल्याण और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में किसान मोर्चा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा करीब साढ़े सात लाख हेक्टेयर था, जो भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदा और फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। सरकार ने किसानों के लिए बाजार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराए हैं, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिला है।
किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसान मोर्चा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं, निर्णयों और उपलब्धियों की सही जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच निरंतर संवाद से संगठन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
बैठक में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के बीच सक्रिय रहकर सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक किसान तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
बैठक में भाजपा प्रदेश मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और किसान मोर्चा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?