लैब टेक्नीशियन भर्ती: चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग तेज, डॉ. मनोज यादव ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

Jul 31, 2026 - 22:45
 0  8
लैब टेक्नीशियन भर्ती: चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग तेज, डॉ. मनोज यादव ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

भोपाल।

मध्य प्रदेश में लैब टेक्नीशियन भर्ती को लेकर चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। भोपाल स्थित स्वास्थ्य संचालनालय के बाहर पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कई अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर हैं और जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि 288 पदों की भर्ती में चयनित होने के बावजूद करीब 150 अभ्यर्थियों को केवल प्राइवेट कॉलेज से पढ़ाई करने का हवाला देकर नियुक्ति नहीं दी जा रही है, जबकि उनके संस्थान शासन से मान्यता प्राप्त हैं। उनका कहना है कि कुछ निजी कॉलेजों के चयनित अभ्यर्थियों को पहले ही जॉइनिंग दी जा चुकी है, जिससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। धरना स्थल पर पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप भी अभ्यर्थियों ने लगाया।

इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि चयनित युवाओं के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शनिवार तक सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी गई, तो समाजवादी पार्टी अभ्यर्थियों के साथ स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव करेगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि चयनित सभी अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति दी जाए और भर्ती प्रक्रिया में कथित भेदभाव को समाप्त किया जाए। वहीं, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिलती, उनका धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow